नईदुनिया न्यूज, कांकेर: ईरान-इजराइल युद्ध की बढ़ती आंच अब कांकेर तक पहुंच गई है। जिले के भानुप्रतापपुर ब्लॉक के कन्हारगांव निवासी मयंक साहू इस समय ईरान में फंसा हुआ है, जिससे उनके परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। मयंक के स्वजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बेटे की सुरक्षित वतन वापसी की अपील की है।
परिजनों के अनुसार मयंक साहू ने चेन्नई में मर्चेंट नेवी का कोर्स किया था। इसके बाद वह ईरान की एक मर्चेंट कंपनी में नौकरी करने चला गया। मयंक का नौ माह का करार था। वह छह माह से ईरान में कार्यरत है। इस बीच ईरान और इजराइल के बीच छिड़े युद्ध ने हालात और भी गंभीर बना दिए हैं।
हालांकि भारत सरकार द्वारा बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी करवाई जा चुकी है, लेकिन अब भी कई भारतीय नागरिक ईरान में फंसे हुए हैं। मयंक के पिता गंधर्व साहू ने प्रधानमंत्री से बेटे की सकुशल वापसी की गुहार लगाते हुए कहा है कि उनके परिवार के सभी सदस्य बेहद चिंतित हैं और दिन-रात अपने बेटे की सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- CG News: दहेज के लालच में तोड़ा रिश्ता, शादी रद्द कर लौटे दूल्हे वाले, पिता की मिन्नतें भी नहीं आई काम
मयंक के परिवार वालों की बस यही उम्मीद है कि भारत सरकार जल्द से जल्द उनके बेटे को सकुशल देश वापस लाएगी। मयंक की मां ने कहा कि हमारा बेटा वहां फंसा है, चिंता भी है। मगर हमें वहां की एंबेसी से आश्वासन मिला है कि आपका बेटा सुरक्षित यहां से भेजा जाएगा।
मयंक साहू से फोन से संपर्क साधा गया। उन्होंने कहा कि ईरान और ईराक के बॉर्डर पर हूं जहां पर हूं वहां ठीक है। कुछ ज्यादा परेशानी नहीं है। रात के समय बहुत ज्यादा हमले होते हैं। आने के लिए प्रयास कर रहे हैं। यहां की एंबेसी से संपर्क किए हैं। दो तीन दिन के बाद जाने के लिए कहा गया है। मगर अभी कोई सूचना नहीं आई है।
भानुप्रतापपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पटेल ने कहा कि जानकारी मिली है कि भानुप्रतापुपर के युवक मयंक साहू मर्चेंट नेवी में है जो वह अपने कार्य के दौरान इरान में फंस गया है। वहां युद्ध की स्थिति बनी हुई है। उनके परिजनों द्वारा प्रशासन को अवगत कराया गया है। प्रशासन भी इस मामले में शीर्ष अधिकारियों को अवगत कराया है। जल्द ही कोशिश की जा रही है कि उसको भारत लाया जा सके।