
चिराग उपाध्याय, नईदुनिया न्यूज, केशकाल। बस्तर की लाइफलाइन कहे जाने वाले केशकाल घाट पर मंगलवार को तीसरे मोड़ पर एक ट्रक खराब होने और चालकों के बीच ओवरटेकिंग की होड़ से भीषण जाम लग गया। संकरे और घुमावदार रास्ते पर वाहनों के उलझने से दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। इस जाम में यात्री बसों, छोटे वाहनों और मालवाहक ट्रकों के साथ मरीजों को ले जा रही दो एंबुलेंस भी फंस गईं। घंटों थमे पहियों के बीच यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर यातायात बहाल कराने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
केशकाल घाट पर जाम का स्थायी समाधान माने जा रहे बायपास का इंतजार लंबा होता जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 11.38 किलोमीटर लंबी फोरलेन बायपास सड़क के लिए जून 2025 में 307.96 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे, लेकिन पुरानी परियोजना की बाधाओं और अलाइनमेंट विवादों के कारण निर्माण में देरी हुई। फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अक्टूबर 2026 में विधायक नीलकंठ टेकाम ने निर्माण कार्य का जायजा लेकर तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बायपास अब तक अधूरा है और पूरा यातायात पुराने घाट मार्ग से ही गुजर रहा है।
जाम की सूचना पर केशकाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों को एक-एक कर निकालना शुरू किया। पुलिस ने वाहन चालकों से संयम बरतने और ओवरटेकिंग से बचने की अपील भी की। हालांकि, बार-बार लगने वाला यह जाम बताता है कि केवल पुलिस की मशक्कत से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए नियमित यातायात निगरानी, खराब वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था, एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर और बायपास निर्माण को जल्द पूरा करने की सख्त जरूरत है।
केशकाल घाट राष्ट्रीय राजमार्ग-30 का सबसे अहम हिस्सा है, जो बस्तर संभाग को कांकेर और धमतरी होते हुए राजधानी रायपुर व प्रदेश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है।
• जगदलपुर और कोंडागांव से रायपुर आने-जाने का यह एकमात्र प्रमुख मार्ग है।
• गंभीर मरीजों के इलाज, उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए दूसरे शहरों तक पहुंचने का मुख्य माध्यम है।
• कृषि उपज, खाद्य सामग्री और व्यापारिक सामान की ढुलाई इसी रास्ते से होती है।
• यात्री बसों, निजी वाहनों और पर्यटकों की आवाजाही का प्रमुख संपर्क मार्ग होने से यहां जाम का सीधा असर पूरे बस्तर के जनजीवन, व्यापार और परिवहन पर पड़ता है।
• 11 सितंबर 2025: दो वाहनों की टक्कर के बाद करीब छह घंटे तक जाम लगा रहा।
• 6 दिसंबर 2025: दो ट्रेलरों की आपसी भिड़ंत से करीब 12 घंटे आवागमन बाधित रहा।
• 8-9 मई 2026: रात के समय लगे भीषण जाम में सैकड़ों वाहन घंटों फंसे रहे।
• 10-11 जून 2026: सड़क दुर्घटना के बाद घाट पर दो से तीन किलोमीटर लंबी कतार लग गई थी।
• 17 नवंबर 2026: तीसरे मोड़ पर ट्रक खराब होने और ओवरटेकिंग की होड़ से मेगा जाम लगा, जिसमें दो एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंसे।