
नईदुनिया प्रतिनिधि, कांकेर। उत्तर बस्तर में माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। मेंड्रा इलाके में आठ लाख रुपये के इनामी माओवादी डीवीसीएम चंदर कतलाम समेत पांच माओवादियों की गिरफ्तारी के बाद कांकेर में माओवादी नेटवर्क लगभग समाप्त होने की स्थिति में पहुंच गया है। अब पुलिस की नजर फरार माओवादी मंगेश परचापी पर है। उसके आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी के साथ ही जिले में माओवादी गतिविधियों का पूरी तरह अंत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
चंदर कतलाम की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी। वह परतापुर एरिया कमेटी में माओवादी रूपी रेड्डी के साथ काम करता था। रूपी की मौत के बाद चंदर ने कमेटी की जिम्मेदारी संभाल ली थी। उत्तर बस्तर में कमजोर पड़ चुके माओवादी संगठन को फिर से सक्रिय करने के लिए वह ग्रामीणों से संपर्क बढ़ाने और संगठन का नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहा था।
इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने मेंड्रा इलाके के जंगल में घेराबंदी कर चंदर समेत पांच माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार माओवादियों में मंगलू, मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी शामिल हैं। वहीं, उनका छठवां साथी मंगेश परचापी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली पूर्व SDM करुण डहरिया को राहत, हंसपुर बॉक्साइट खनन विवाद में जमानत अर्जी खारिज
चंदर की गिरफ्तारी से परतापुर एरिया कमेटी को बड़ा झटका लगा है। अब सुरक्षा बलों ने फरार मंगेश की तलाश तेज कर दी है। पुलिस गिरफ्तार माओवादियों से गोंडाहूर थाने में पूछताछ कर रही है। उनसे संगठन के नेटवर्क, छिपाए गए हथियारों और अन्य ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मंगेश के पकड़े जाने या आत्मसमर्पण करने के बाद कांकेर जिले में माओवादी गतिविधियों के पूरी तरह समाप्त होने का रास्ता साफ हो सकता है।