कोरबा के साहसी बेटी की बहादुरी, खतरे को भांपकर 12 वर्षीय छात्रा ने जंगल के रास्ते से भागकर बचाई अस्मत, आरोपित फरार
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के दिन गा...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 07 Oct 2026 08:50:13 PM (IST)Updated Date: Wed, 07 Oct 2026 08:50:13 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- कोरबा जिले में नाबालिग से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास।
- टीवी बनवाने के बहाने नाबालिग को ले गया था परिचित युवक।
- पोक्सो और गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दर्री थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही परिचित युवक टीवी बनवाने के बहाने छात्रा को अपने साथ ले गया और लौटते समय सुनसान जंगल के रास्ते में उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने लगा। छात्रा युवक की मंशा भांपकर किसी तरह वहां से भाग निकली और घर पहुंचकर स्वजन को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर उसके घर में बंद कर दिया था, लेकिन रात में वह वहां से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि दर्री थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 12 वर्षीय छात्रा के दादा का टीवी खराब था। उन्होंने गांव के ही युवक नंदू से टीवी बनवाने के लिए छात्रा को उसे बुलाने भेजा था।
शाम करीब छह बजे युवक दादा के घर पहुंचा और टीवी देखने के बाद उसे पास के पुनर्वास ग्राम में मैकेनिक के पास ले जाने की बात कही। इसके बाद वह छात्रा को साथ लेकर वहां गया और टीवी संबंधित व्यक्ति के पास छोड़ दिया। टीवी छोड़कर दोनों पैदल गांव लौट रहे थे। इसी दौरान युवक ने छात्रा को मुख्य रास्ते के बजाय दूसरे रास्ते से चलने के लिए कहा। उसने जल्द गांव पहुंचने की बात कहकर छात्रा को पगडंडी और जंगल के रास्ते पर ले गया। आरोप है कि रात सात बजे सुनसान स्थान पर उसने छात्रा के साथ जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें- गांजे की खेती साबित करने में नाकाम रही पुलिस, 21 साल बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पलटा निचली अदालत का फैसला
छात्रा ने खतरा भांप लिया और किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंच गई। छात्रा के स्वजन को घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों की मदद से आरोपित युवक को पकड़ लिया गया। उसे उसके घर के एक कमरे में बंद कर बाहर से सिटकनी लगा दी गई। बताया जा रहा है कि रात में मौका पाकर आरोपित वहां से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के स्वजन ने दर्री थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपित की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर गांव में भी आक्रोश है।