भारतीय रेलवे में करियर बनाने का शानदार अवसर, आरआरबी ने निकाली बंपर वेकेंसी, फटाफट भरें फॉर्म, NTPC के 3,548 पदों पर भर्ती
भारतीय रेलवे ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के माध्यम से गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी-स्नातक) के तहत 3,548 पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें मालगा...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 12 Oct 2026 04:45:00 PM (IST)Updated Date: Mon, 12 Oct 2026 04:45:00 PM (IST)
HighLights
- आरआरबी एनटीपीसी के तहत 3,548 स्नातक पदों पर भर्ती।
- मालगाड़ी प्रबंधक के सर्वाधिक 2,750 पदों पर होगी नियुक्ति।
- 6 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: भारतीय रेलवे ने रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा जारी केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (सीइएन) के माध्यम से गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (एनटीपीसी-स्नातक) की भर्ती के तहत स्नातक स्तर के 3,548 पदों की घोषणा की है। यह भर्ती योग्य स्नातकों को भारतीय रेलवे में करियर बनाने और देश के सबसे बड़े सार्वजनिक सेवा संगठनों में से एक के कामकाज में योगदान देने का अवसर प्रदान करती है।
इस भर्ती में चार श्रेणियों के पद शामिल हैं, जिनमें मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक, मालगाड़ी प्रबंधक, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट और वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट शामिल हैं। यह पद वाणिज्यिक सेवाओं, ट्रेन संचालन, लेखा और प्रशासन के क्षेत्र में कैरियर के अवसर प्रदान करते हैं, जो देशभर में रेलवे सेवाओं के कुशल संचालन में सहयोग करते हैं।
3,548 रिक्तियों में से 2,750 पद मालगाड़ी प्रबंधक के लिए, 371 पद वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के लिए, 300 पद कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट के लिए और 127 पद मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक के लिए हैं। यह रिक्तियां स्नातकों को रेलवे संचालन और प्रशासन के विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों में काम करने के अवसर प्रदान करती हैं। इन पदों पर प्रारंभिक मूल वेतन सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के अंतर्गत दिया जाएगा।
मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक का प्रारंभिक मूल वेतन वेतन स्तर छह पर 35,400 रुपये प्रति माह है, जबकि अन्य तीन श्रेणियों का प्रारंभिक मूल वेतन वेतन स्तर पांच पर 29,200 रुपये प्रति माह है। लागू भत्ते और सेवा शर्तें संबंधित नियमों के अनुसार होंगी।
छह नवंबर तक कर सकते हैं आनलाइन आवेदन
आनलाइन आवेदन प्रक्रिया आठ अक्टूबर 2026 से शुरू हो गई है और योग्य उम्मीदवार छह नवंबर 2026, रात 11:59 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि आठ नवंबर है, जबकि आवेदन में संशोधन की अवधि नौ से 18 नवंबर तक निर्धारित है। इसके अलावा उम्मीदवारों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से डिग्री या उसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए और उन्हें पद-विशिष्ट निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में गुरुजी निकला चोरों का उस्ताद: चोरी के पैसों से क्रेटा- बुलेट की ऐश, बुलेट-ब्वॉय के साथ करता था वारदात