
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : ट्रांसपोर्ट नगर मुख्य मार्ग पर सीएसईबी चौक के पास गुरुवार रात तेज रफ्तार बाइक और कार की भिड़ंत में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी लेन में जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रही स्कूटी भी उससे टकरा गई। स्कूटी पर सवार दो महिलाएं भी सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बताया जा रहा है कि डिवाइडर से मुड़ रही कार के बोनट से तेज रफ्तार बाइक जा भिड़ी। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर दूसरी लेन में जा गिरा। इसी बीच वहां से गुजर रही स्कूटी उससे टकरा गई। स्कूटी पर दो महिलाएं सवार थीं। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आईं, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

आपस में टकराई कार
नईदुनिया न्यूज, कोरबा : जिले के पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को तानाखार मुख्य बाजार के पास दो कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार दो लोगों को चोटें आईं। टक्कर से दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों की पहचान और उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों वाहनों की टक्कर किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में लाचारी की खौफनाक दास्तान... पत्नी के कैंसर इलाज से टूटी उम्मीदें, पति ने दी जान