कोरबा में 10 हिंदू परिवारों के मतांतरण की आशंका, प्रार्थना सभा की सूचना पर पहुंची पुलिस, बजरंग दल का हंगामा
होटल में ठहरे 10 हिंदू परिवारों के मतांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने होटल पहुंचकर विरोध जताया।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 11:12:41 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 11:12:41 PM (IST)
होटल में हिन्दू परिवारों के मतांतरण की आशंका, नईदुनियाHighLights
- होटल में हिन्दू परिवारों के मतांतरण की आशंका
- 15 कमरों को कराया गया था बुक, हंगामा
- सतनामी और गोंड़ समुदाय की संख्या अधिक
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल स्टार इन में मतांतरण और प्रार्थना सभा को लेकर विवाद हो गया। होटल में ठहरे 10 हिंदू परिवारों के मतांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने होटल पहुंचकर विरोध जताया और पुलिस से जांच की मांग की। इस दौरान होटल परिसर में गहमागहमी की स्थिति बन गई।
विवाद के बीच कुछ लोगों के साथ मारपीट का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बजरंग दल के जिला प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि 22 अक्टूबर से होटल के करीब 15 कमरे जान मसीह ने बुक कराए थे। इनमें लाफा, पाली, कटघोरा सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 40 लोग ठहरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि इनमें सतनामी और गोंड़ समुदाय के परिवारों की संख्या अधिक है। शनिवार शाम प्रार्थना सभा की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
मौके पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और सीएसईबी चौकी प्रभारी भी पहुंचे। मुखर्जी का आरोप है कि ईसाई मिशनरी हिंदू परिवारों को प्रलोभन देकर मतांतरित करने की साजिश रच रही है।
उन्होंने दावा किया कि प्रचार सामग्री के साथ पहुंची टीम शहरी क्षेत्र को लक्ष्य बनाकर आई थी। मुखर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि एसईसीएल के मानिकपुर क्षेत्र में एक मकान को चर्च के रूप में विकसित किया गया है, जिसका नाम इंडियन प्रेयर चर्च (आइपीसी) रखा गया है। उनके अनुसार, इसी चर्च के माध्यम से लोगों का मतांतरण कराने की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पहचान पत्र नहीं लेने का भी आरोप
राणा मुखर्जी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल में ठहरे लोगों से आधार कार्ड या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं लिए गए थे। इन आरोपों की पुष्टि और होटल में ठहरे लोगों के दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
विवाद के बीच मारपीट का वीडियो प्रसारित
होटल परिसर में हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों के साथ हाथापाई हुई। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बजरंग दल के कार्यकर्ता कुछ लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। संगठन ने मतांतरण की जांच की मांग की है। कोरबा जिले में हाल के दिनों में प्रार्थना सभाओं और मतांतरण को लेकर विवाद सामने आए हैं।