
प्रतिनिधि, कोरबा: बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के शांतिनगर में फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद लगभग 15 युवकों ने एक युवक के घर पहुंचकर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपितों ने डंडा, राड, चाकू और तलवार से हमला किया। बीच-बचाव करने आए उसके साथी को भी निशाना बनाया गया।
मामले में पुलिस ने एक युवक और एक नाबालिग को पकड़ा है। मामले में बांकीमोंगरा थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआइ) के बेटे का नाम भी आरोपितों में सामने आया है। उसे अब तक गिरफ्तार नहीं किए जाने को लेकर कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि शांतिनगर निवासी 21 वर्षीय कुणाल आजाद ने शिकायत दर्ज कराई है कि 22 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से फोन आए। फोन करने वाले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे। कुणाल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन फोन आने और धमकियां देने का सिलसिला जारी रहा। उसने स्पीकर चालू कर परिवार के लोगों को भी गाली-गलौज सुनाई।
ना म पूछने पर फोन करने वालों ने राहुल यादव, विक्की यादव उर्फ बम सहित अन्य लोगों के नाम बताए।शिकायत में कहा गया कि रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच दोबारा फोन कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच आठ से दस बाइक पर सवार होकर 12 से 15 युवक शांतिनगर पहुंचे। उनके पास डंडे, राड, चाकू और तलवार थे।
आरोप है कि हमलावरों ने कुणाल के गले पर वार करने का प्रयास किया। उसने बचाव किया, जबकि परिवार के सदस्यों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। इस दौरान मोहल्ले में रहने वाले उसके साथी खिलेश साहू पर भी हथियारों से हमला किया गया।
परिजनों ने हस्तक्षेप कर उसे बचाया। घटना के बाद मामले की शिकायत बांकीमोंगरा थाने में दर्ज कराई गई।पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 109(1), 189(1), 189(2), 189(4) और 190 में मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान प्रार्थी के बयान लेने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और एफएसएल टीम ने भी जांच की।
पुलिस ने प्रेमनगर निवासी 24 वर्षीय रौनक सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और पांच बाइक जब्त की हैं।एएसआइ के बेटे का नाम, गिरफ्तारी नहीं होने पर सवालमामले में घनश्याम वैष्णव उर्फ डिंपल का नाम भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि उसके पिता बांकीमोंगरा थाने में ही सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। चर्चा है कि घनश्याम को थाने लाया गया था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट नहीं है। मामले के अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।