
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : जिले में कोयला परिवहन वाले मार्गों पर अव्यवस्थित यातायात और सुरक्षा इंतजामों की कमी जानलेवा साबित हो रही है। दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर सोमवार की रात गांधीनगर के पास सड़क किनारे अंधेरे में खड़े ट्रक से बाइक टकराने के कारण दो युवकों की मौत हो गई।
हादसे में ग्राम तिवरता निवासी बाइक सवार सुनील आर्मो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल भोलू मरकाम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। वहीं मनमोहन मरकाम घायल हो गया। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की कतार, सड़क पर अंधेरा और बुनियादी सुविधाओं की कमी लगातार हादसों की वजह बन रही है। दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर गांधीनगर के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर हरदीकला में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, युवक पर चापड़ से हमला कर किया घायल
रात के अंधेरे में खड़ा ट्रक बाइक सवारों को दिखाई नहीं दिया और टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें सुनील आर्मो की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे घायल भोलू मरकाम ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दो युवकों की मौत तथा एक के घायल होने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर चक्काजाम शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि मार्ग का चौड़ीकरण किया जाए, सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव हो और पर्याप्त बिजली व रोशनी की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना था कि कोयला परिवहन करने वाले ट्रकों की लंबी कतार सड़क किनारे लगी रहती है।
कई वाहन अंधेरे में खड़े रहते हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को खतरा बना रहता है। शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। करीब सात घंटे तक चले आंदोलन के बाद एसईसीएल अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की वार्ता हुई।
चर्चा और आश्वासन के बाद रात करीब एक बजे चक्काजाम समाप्त किया गया। इस घटना ने एक बार फिर कोयला परिवहन से जुड़े मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।
कटघोरा- अंबिकापुर मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत
एक दिन पहले कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर रविवार को तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक पोड़ी उपरोड़ा से बाइक पर कटघोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर कटघोरा और बांगो पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त करने के साथ फरार ट्रेलर और चालक की तलाश में जुटी है।
तानाखार भालू मोड़ के पास जहां हुई दुर्घटना
लगातार हादसों के बावजूद नहीं सुधर रही व्यवस्था
कोरबा जिले में भारी वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। दीपका-पाली मार्ग पर खड़े ट्रक से बाइक टकराने की घटना हो या कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत, दोनों हादसों में दोपहिया वाहन सवारों को जान गंवानी पड़ी। कोयला परिवहन वाले रास्तों पर ट्रकों की कतार, तेज रफ्तार, सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और पर्याप्त रोशनी का अभाव बड़ी समस्या बन रहे हैं। हर हादसे के बाद विरोध और कार्रवाई की मांग उठती है, लेकिन स्थायी समाधान अब भी चुनौती बना हुआ है।