
कोरबा(नईदुनिया न्यूज)। 12 जून को कोरबा शहर में होने वाले भव्य श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर पूरा शहर राम जी के आगमन के स्वागत की तैयारियों में जुट गया है। इस महोत्सव को मूर्त रूप देने के लिए जहां विभिन्न बैठकों के माध्यम से महिलाएं, युवा वर्ग, वरिष्ठजन, धर्मप्रेमी एवं आयोजन समिति के सभी सदस्य जुटे हुए हैं, वही शहर विधायक जयसिंह अग्रवाल, नगर निगम की पूर्व महापौर रेणु अग्रवाल की अगुवाई में भव्य श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा कार्य को अंतिम रूप प्रदान किया जा रहा है। 11 जून को भगवान श्री रामचंद्र की भव्य निशान यात्रा दोपहर तीन बजे से श्री श्याम मंदिर मिशन रोड कोरबा से प्रारंभ होगी, जो शहर के विभिन्न मार्गाे का भ्रमण करते हुए डीडीएम स्कूल के सामने श्री राम मंदिर पहुंचेगी।
निशान यात्रा के मार्ग में जगह- जगह लोग राम भक्तों का स्वागत करेंगे, साथ ही निशान यात्रा पर पुष्प वर्षा भी की जाएगी। भव्य निशान यात्रा के आयोजन की जिम्मेदारी देख रहे राम भक्तों ने सभी महिलाओं को लाल या भगवा रंग के वस्त्र तथा पुरुष को कुर्ता पायजामा पहनकर शामिल होने कहा है। शहर समेत जिले के लिए विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग, फ्लेक्स, बैनर लगाए गए हैं, साथ ही शहर को भी झालरों की रोशनी से सुसज्जित कर दिया गया है। रात के समय शहर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भगवान श्री रामचंद्र ऊर्जानगरी में पहुंचकर लोगों को आशीर्वाद दे रहे हैं। कैबिनेट मंत्री अग्रवाल भी आयोजन को सफल बनाने व आम जनों की सहभागिता इसमें कराने की दिशा में प्रत्येक वर्ग के लोगों से संपर्क कर उन्हें आमंत्रित कर रहे हैं।
शहर में पहली बार आ रही सुप्रसिद्ध कथा वाचक जया किशोरी को सुनने के लिए अन्य राज्यों से भी लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन भी तैयारियों में जोर-शोर से जुटा हुआ है। उल्लेखित हो कि शहर भगवान राम की भक्ति एवं आस्था में सदैव सरोबार रहता है। शहर विधायक अग्रवाल ने स्वयं रामनवमी की शोभायात्रा में अपना सक्रिय रूप से योगदान देकर भगवान राम के प्रति अपनी भक्ति का भी परिचय दिया था।