
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दीपावली के मद्देनजर बाजारों में सजावटी लाइट और झालरों की खरीदारी बढ़ गई है। इसी बीच घंटाघर स्थित संदीप इलेक्ट्रानिक्स में झालर की गुणवत्ता और वापसी को लेकर ग्राहक व दुकान संचालक के बीच विवाद का मामला सामने आया है।
बुधवारी नेहरूनगर निवासी ग्राहक राकेश श्रीवास्तव का आरोप है कि दुकान से खरीदी गई झालर घर पहुंचने के बाद खराब हो गई। उसे बदलने या वापस करने के लिए दुकान पहुंचने पर संचालक ने इनकार कर दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।
राकेश ने बताया कि दुकान में खरीदारी के दौरान संचालक झालर जलाकर दिखाता है। इससे सामान ठीक होने का भरोसा होता है, लेकिन घर पहुंचकर इस्तेमाल करने पर झालर बंद हो गई। उन्होंने सामान बदलने अथवा राशि वापस करने की मांग की, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी।
श्रीवास्तव ने बताया कि वह इस मामले को उपभोक्ता फोरम में लेकर जाएंगे और वहां अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे। ग्राहक ने सामान की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए घटिया और डुप्लीकेट झालर बेचे जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, उत्पाद के नकली होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस संबंध में दुकान संचालक का पक्ष सामने नहीं आया है। त्योहारी सीजन में सामने आई इस शिकायत के बाद ग्राहकों ने प्रशासन से इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में बेचे जा रहे सजावटी सामान की गुणवत्ता और बिलिंग व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में मिलावटखोरों पर शिकंजा, दो मशहूर स्वीट्स दुकानों पर खाद्य विभाग की छापेमारी