कोरबा में बख्शीश पर बवाल, किन्नरों से विवाद में पिता-पुत्र पर चले लात-घूंसे, निकाला चाकू, दोनों पक्षों में FIR
कोरबा जिले के दीपका बस्ती स्थित महामाया चौक पर बख्शीश मांगने को लेकर किन्नरों के समूह और एक स्थानीय नागरिक के बीच विवाद हो गया। शराब के नशे में टिप्पण...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 04:22:18 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 04:22:18 PM (IST)
HighLights
- महामाया चौक दीपका में बख्शीश मांगने पर दो पक्षों में मारपीट।
- शराब के नशे में टिप्पणी पर बढ़ा विवाद, शख्स ने निकाला चाकू।
- दीपका पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में, जांच जारी।
किन्नरों से बख्शीश को लेकर विवाद, मारपीट के दौरान चाकू निकाला
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: दीपका बस्ती मुख्य मार्ग स्थित महामाया चौक में किन्नरों से बख्शीश को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान किन्नरों के साथ मौजूद एक व्यक्ति ने चाकू निकाल लिया। घटना का वीडियो भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किन्नरों समेत चाकू निकालने वाले व्यक्ति को थाने ले गई। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई कर रही है।
किन्नरों का समूह बख्शीश लेने के लिए क्षेत्र में घूम रहा था। दोपहर करीब एक बजे दीपका-कटघोरा मार्ग स्थित महामाया चौक के पास उनका एक स्थानीय व्यक्ति से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय व्यक्ति शराब के नशे में था और उसने किन्नरों पर कुछ टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
स्थानीय निवासी पंकज सिंह के साथ मारपीट होने पर उसका पुत्र बचाव के लिए पहुंचा। उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ अन्य लोगों के साथ भी झूमाझटकी हुई। इसी बीच चाकू निकालने की घटना सामने आई।
वीडियो में मारपीट के दौरान चाकू लहराते हुए व्यक्ति दिखाई दे रहा है। हालांकि, चाकू से किसी के घायल होने की जानकारी पुलिस ने नहीं दी है। घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।