
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : दशहरा उत्सव से ठीक पहले करतला-उरगा मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नोनबिर्रा चौक के पास स्कूटी और आशीर्वाद बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे।
मृतकों की पहचान यशवंत गुप्ता (25), पिता हरिराम गुप्ता और शुभम गुप्ता (23) के रूप में हुई है। दुर्घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। दशहरा की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। जिन परिवारों में त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा है।
युवकों की असमय मौत से स्वजन और परिचित गहरे सदमे में हैं। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को भी अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। दर्री थाना के सामने सुबह करीब चार बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा निवासी 51 वर्षीय दिल सिंह सिदार के रूप में हुई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई। त्योहार के आसपास लगातार हो रही दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़े कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- साइबर ठगों के हाथ लगा बिलासपुर के स्कूल संचालक का मोबाइल, अकाउंट में ट्रांसफर किए 1.12 करोड़