कोरबा: पिंजरे में घुसा 5 फीट का जहरीला नाग, पालतू तोते को निगला, दूसरे को बचाने पहुंची रेस्क्यू टीम
कोरबा के मिशन रोड स्थित एक घर में बुधवार सुबह तोते के पिंजरे में 5 फीट लंबा नाग घुस गया और उसने एक पालतू तोते का शिकार कर लिया। पिंजरे में फन फैलाए बै...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 09:33:26 PM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 09:33:26 PM (IST)
तोते के पिंजरे में घुसा नागHighLights
- मिशन रोड में पिंजरे में घुसकर नाग ने किया तोते का शिकार।
- नोवा नेचर टीम के बाबी श्रीवास ने सुरक्षित निकाला 5 फीट सांप।
- दूसरे तोते को सुरक्षित बचाकर सांप को जंगल में छोड़ा गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा: मिशन रोड निवासी एक परिवार के पालतू तोते के पिंजरे में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे पांच फीट लंबा नाग घुस गया। परिवार के सदस्य जब तोते को देखने पहुंचे तो पिंजरे के भीतर नाग को फन फैलाए देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि नाग एक तोते का शिकार कर चुका था।
पिंजरे में मौजूद दूसरे तोते को लेकर भी परिवार के सदस्य चिंतित हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने वन्यजीव बचाव दल नोवा नेचर के प्रमुख जितेंद्र सारथी को जानकारी दी।
उन्होंने टीम के सदस्य बाबी श्रीवास को मौके पर भेजा। टीम ने सावधानीपूर्वक नाग को पिंजरे से बाहर निकालकर सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान नाग के शरीर पर संघर्ष के कारण चोट के निशान भी दिखाई दिए। उसे रेस्क्यू बैग में रखने के बाद सुरक्षित रूप से प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
तोते की मौत से परिवार दुखी
परिवार ने पालतू तोते को लंबे समय से अपने परिवार के सदस्य की तरह पाल रखा था। इसलिए उसकी मौत से परिवार को गहरा दुख हुआ। हालांकि, दूसरे तोते को सुरक्षित बचा लिए जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। वन्यजीव बचाव दल के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने कहा कि तोते की मौत का दुख परिवार के लिए स्वाभाविक है, लेकिन सांप को इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
यह घटना प्रकृति की खाद्य शृंखला का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने के बजाय विशेषज्ञों को सूचना देने की अपील की।
यह भी पढ़ें- मां की बेरुखी पर भारी पड़ी ग्रामीणों की दया, खेत में लावारिस मिली नवजात बच्ची, अस्पताल में मिली नई जिंदगी