
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में मतांतरण के लिए हिंदू परिवारों को प्रलोभन देने के आरोप पर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। एक मकान में आयोजित प्रार्थना सभा की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया।
संगठन ने आरोप लगाया कि लंबे समय से हिंदू परिवारों को आर्थिक प्रलोभन और बेहतर स्वास्थ्य का झांसा देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। शिकायत की जांच की जा रही है।
बजरंग दल के प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर का आरोप है कि पास्टर पीतांबर सिंह नाम का व्यक्ति बाहर से ओमपुर आता है और हर रविवार को गार्डिया के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करता है। इसके माध्यम से हिंदू परिवारों को आर्थिक मदद का प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित किया जाता है। प्रार्थना से बीमारी भाग जाने का ढकोसला पास्टर करता है।
राठौर ने यह भी आरोप लगाया कि हिंदू देवी-देवताओं को मानने वाले लोगों के प्रति नकारात्मक बातें कही जाती हैं। यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। रात को आयोजित सभा में करीब 15 हिंदू परिवार मौजूद थे। मकान में अवैध रूप से चर्च का संचालन किया जा रहा। चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश दी और स्थिति शांत कराई। बजरंग दल की शिकायत की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कोरबा के दुर्गा पंडाल में तैनात CAF जवान नशे में मिला, बजरंग दल के सदस्यों से गाली-गलौज का आरोप, हंगामा
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने प्रलोभन देकर मतांतरण के लिए प्रेरित करने की गतिविधियों पर रोक लगाने कहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।