कोरबा में पत्नी को मारने के लिए किया वार, लेकिन गोद में बैठे बेटे की हो गई मौत
कोरबा जिले में चरित्र शंका में पत्नी पर वार करना ढाई महीने के बेटे के लिए जानलेवा बन गया। दरअसल जो डंडा पत्नी को मारने के लिए चलाया गया था, वह बेटे को लग गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 10:37:11 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 10:37:11 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- चरित्र संदेह में पत्नी पर डंडे से किया वार, गोद में था ढाई माह का बच्चा
- कटघोरा के ग्राम सलोरा में शराब के नशे में पति ने पत्नी से किया विवाद
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा। जिले के ग्राम सलोरा में चरित्र संदेह में पति ने पत्नी पर डंडे से वार किया, जो मां के गोद में बैठे बच्चे को लग गया। ढाई महीने के बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है।
रोजाना चरित्र संदेह में पत्नी से करता था विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट अपनी पत्नी मुस्कान के चरित्र पर शक करता था। उसे शराब पीने की भी लत थी। आए दिन वह पत्नी से मारपीट करता था। सोमवार को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी पर डंडे से वार कर दिया। उस समय ढाई माह का बच्चा मां की गोद में था। डंडा बच्चे को भी लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी पिता गिरफ्तार, जेल भेजा गया
स्वजन बच्चे को तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मां के बयान पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।