
नईदुनिया प्रतिनिधि कोरबा : नगर पालिक निगम कोरबा के कई वार्डों में शासकीय पट्टे के लिए सर्वे किया जा रहा है। वार्ड क्रमांक एक के निवासियों का आरोप है कि पात्र जरूरतमंद परिवारों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, जबकि नौकरीपेशा लोगों और जनप्रतिनिधियों को पात्र बताया गया है।
वार्डवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि सूची एक जनप्रतिनिधि के घर बैठकर तैयार की गई। निगम और राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने कथित तौर पर घर-घर जाकर पात्र लोगों की सूची बनाई थी। सूची पर 27 नवंबर तक दावा-आपत्ति मांगी गई है। बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और सूची पर आपत्ति दर्ज कराते हुए दोबारा सर्वे की मांग की।
वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड में कुछ शासकीय सेवकों और जनप्रतिनिधियों ने अवैध कब्जा कर पक्के मकान बनाए हैं। जनप्रतिनिधि या शासकीय सेवा में रहते हुए अवैध कब्जा कर मकान बनाना आदर्श आचरण संहिता के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में तेज रफ्तार कबाड़ लदा ट्रक घर में घुसा, सोता परिवार बाल-बाल बचा, ड्राइवर हिरासत में
जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सकती है और जनप्रतिनिधि अपना पद भी गंवा सकते हैं।
निवासियों ने पट्टा सर्वे करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, नया सर्वे कराकर 40- 50 साल से रह रहे जरूरतमंद परिवारों को शासकीय पट्टा देने की गुहार लगाई है।