
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : ग्राम पहाड़गांव में जुआ खेलते हुए पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी लोग जांजगीर- चांपा जिले के बाराद्वार क्षेत्र के निवासी हैं। इनमें बाराद्वार नगर पालिका का एक एल्डरमैन और एक शिक्षक भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि सभी पिकनिक मनाने के बहाने कोरबा जिले में पहुंचे थे और जुआ खेल रहे थे। मौके से करीब 11 हजार रुपये नकद, मोबाइल और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बाया कि ग्राम पहाड़गांव में दोपहर करीब 2.20 बजे जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई की गई। उरगा थाना के उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध क्रमांक 641-2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46), शशिकांत दुबे (56), ज्योतिष वैष्णव (51), रविंद्र खाण्डे (26), दीपक कुमार बंसल (26) और आशुतोष राय (33) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपितों में शामिल रविंद्र खाण्डे बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन हैं।
वे जिला युवा मोर्चा में भी पदाधिकारी बताए जा रहे हैं। वहीं, शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक हैं और प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत बताए गए हैं। जनप्रतिनिधि और शिक्षक के जुआ खेलते पकड़े जाने की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पसान थाना पुलिस ने जुआ खेलने के मामले में एक सरपंच और शिक्षक को गिरफ्तार किया था।
अब उरगा क्षेत्र में एल्डरमैन और शिक्षक समेत छह लोगों के पकड़े जाने से जनप्रतिनिधियों और शिक्षण क्षेत्र से जुड़े लोगों की भूमिका भी चर्चा में है। फिलहाल पुलिस ने सभी छह आरोपितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- एकतरफा निलंबन कार्रवाई पर उठे सवाल: चांदनी-बिहारपुर के प्रधान पाठक ने डीईओ को सौंपा आवेदन, कहा- मैं निर्दोष हूं