
कोरबा(नईदुनिया प्रतिनिधि)। शहर के डीडीएम रोड में राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा बनवाए जा रहे भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसस संबंध में मंदिर परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए अग्रवाल ने बताया कि 12 जून को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। उन्होने बताया कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत, केबिनेट के सभी मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक आदि को आमंत्रित किया गया है।
अग्रवाल ने बताया कि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा पूरी मठ मठाधीश स्वामी निश्चलानंद सरस्वती की निगरानी में पूर्ण की जाएगी। जिसके बाद विश्वविख्यात कथा वाचिका जया किशोरी कथा वाचन करेंगी। मंत्री ने लोगों से आग्रह किया है कि सभी इस खास आयोजन के सहभागी बने और श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। राम मंदिर का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसके लिए राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र से कारीगर बुलवाए गए थे। कई कारीगर हैं जिन्होंने अयोध्या के राम मंदिर निर्माण में भी काम किया है। मंदिर में राजस्थान के खास संगमरमर पत्थर का उपयोग हुआ है यही पत्थर अयोध्या के राम मंदिर में भी इस्तेमाल हुए हैं अब गोवा में भी या मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र बनेगा जोकि गर्व का विषय भी है। तीन जून को प्रकांड पंडित और पुरोहितों का एक जत्था प्रभु श्री राम की जन्म स्थली अयोध्या के लिए रवाना होगा। पंडित अयोध्या से विशेष अनुष्ठान कर वहां की मिट्टी कोरबा लेकर आएंगे। जिनकी वापसी पांच जून को होगी। इसी दिन डीडीएम रोड स्थित राम मंदिर में अयोध्या की मिट्टी स्थापित की जाएगी। इस दिन प्रभु श्री राम के भक्तों को आमंत्रित किया गया है। बड़े पैमाने पर राम भक्त मंदिर में मौजूद रहेंगे। राम भक्ताें की मौजूदगी में शास्त्रगत मंत्रोच्चार के साथ अयोध्या की मिट्टी को कोरबा में स्थापित कर दिया जाएगा।
जया किशोरी करेंगी राम कथा का वाचन
12 जून को ही मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा और अन्य कार्यक्रम होंगे। मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा में पूरी मठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती मौजूद रहेंगे। सभा का आयोजन कर दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। मुख्य पूजा स्वामी निश्चलानंद की देखरेख में ही संपन्न होगी। जिसके बाद विश्वविख्यात कथा वाचिका जया किशोरी कथा वाचन करेंगी। इसके लिए मंदिर परिसर में ही एक भव्य आयोजन स्थल तैयार किया गया है। जहां जिले भर से आये लोग जया किशोरी की सभा में मौजूद रह सकते हैं। मंत्री ने अधिक से अधिक लोगों से जया किशोरी की सभा में मौजूद रहने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम पर एक नजर
0 सुबह नौ बजे कलश यात्रा के साथ निशान पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
0 मुख्य पूजा प्राण प्रतिष्ठा और अन्य धार्मिक आयोजन सुबह 12 जून सुबह नौ बजे से शुरू होंगे।
0 दोपहर 12 से शाम चार बजे तक महाभंडारा।
0 दोपहर 1:40 बजे से 3:21 तक स्वामी निश्चलानंद सरस्वती की मौजूदगी में प्रभु श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा।
0 शाम पांच बजे से विश्व विख्यात कथा वाचिका जया किशोरी कथा वाचन करेंगी।