
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : चलती कार की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। दीपका मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार में जान जोखिम में डालकर हुड़दंग करते युवकों का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने कार जब्त कर तीनों के विरुद्ध कार्रवाई की। आरोपितों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
कार क्रमांक सीजी 12 बीडी 7800 (एक्सएल-सिस्क) में सवार युवक दीपका मुख्य मार्ग पर चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे थे। कार चालक प्रकाश चौहान के साथ मोहन सिंह और महेंद्र सिंह भी मौजूद थे। तेज रफ्तार वाहन से बाहर निकलकर करतब दिखाने की उनकी हरकत से सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। इस दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर प्रसारित कर दिया। वीडियो सामने आने पर दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसे जब्त किया और तीनों युवकों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
यह भी पढ़ें- कोरबा में सेतु निगम ने आठ स्थलों को किया चिह्नित, पांच पुलों का प्रस्ताव बजट में भेजा, 40 गांवों को फायदा
सड़क पर खड़े वाहनों को भी हटवाया
दीपका पुलिस ने मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की। सड़क किनारे वाहन खड़े रहने से जाम की स्थिति बन रही थी और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। पुलिस ने ऐसे वाहन हटवाए और चालकों को दोबारा सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।