
नईदुनिया न्यूज, चाकाबुड़ाः देवरी सलिहा नाला से होकर दीपका को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होकर धंस गया है। इसकी वजह से इस रास्ते से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के साथ कोल माइंस में काम करने वाले मजदूरों, स्कूली बसों, मरीजों और एंबुलेंस के लिए भी महत्वपूर्ण है। सड़क की मौजूदा स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि देवरी सलिहा नाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का सामना कर रहा है। बारिश के दौरान नाले और मार्ग पर पानी का दबाव बढ़ने से कई बार सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मार्ग का एक हिस्सा धंस जाने के बाद स्थिति गंभीर हो गई है। चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर क्षतिग्रस्त हिस्से को पार करना पड़ रहा है।
मार्ग बाधित होने के बावजूद ग्रामीण और कोल माइंस में कार्यरत मजदूर अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के कारण इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। कई लोग अपनी बाइक लेकर धंसे हुए हिस्से को पार कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। खासकर रात के समय इस मार्ग से गुजरना और भी जोखिम भरा बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सिविल जज सीनियर डिवीजन की सीमित प्रतियोगी परीक्षा स्थगित, हाई कोर्ट ने जारी किया आदेश
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। स्कूल बसों और एंबुलेंस के लिए भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है। यदि किसी मरीज को तत्काल अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है, तो मार्ग की खराब स्थिति परेशानी को और बढ़ा सकती है