
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : ग्राम घरीपखना में पति के दूसरी महिला से संबंध को लेकर विवाद के बाद पति-पत्नी और एक महिला के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि वह अपनी बहन के साथ पति से मिलने माचाडोली अस्पताल स्थित क्वार्टर पहुंची थी। वहां पति के साथ महिला को देखकर विवाद हो गया। इस दौरान उसके और उसकी बहन के साथ मारपीट की गई तथा हथौड़े से हमला करने का प्रयास किया गया।
शिकायत पर कटघोरा पुलिस ने अस्पताल के क्लर्क अंशुल सिंह और महिला के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि घटना पांच अक्टूबर की है। पत्नी ने बताया कि सुबह पति के साथ दूसरी महिला से संबंध को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसके बाद पति ने रात में घर नहीं आने की बात कही। महिला से भी फोन पर बातचीत हुई थी। इसी के बाद वह अपनी बहन के साथ पति से मिलने माचाडोली अस्पताल पहुंची।
अस्पताल में पति के नहीं मिलने पर स्टाफ ने बताया कि वह अस्पताल परिसर स्थित क्वार्टर में हो सकते हैं। दोनों बहनें वहां पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर बाद पति ने दरवाजा खोला, लेकिन अंदर आने से मना कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार अंदर जाने पर पति ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और धमकी दी।
यह भी पढ़ें- कोरबा के साहसी बेटी की बहादुरी, खतरे को भांपकर 12 वर्षीय छात्रा ने जंगल के रास्ते से भागकर बचाई अस्मत, आरोपित फरार
पत्नी ने बताया कि क्वार्टर के अंदर पति के साथ महिला मौजूद थी। इसे लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति और महिला ने उसके तथा उसकी बहन के साथ मारपीट की और हथौड़े से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हुई, जिसमें चोटें भी आईं। इसके बाद दोनों बहनें वहां से लौट गईं।
उन्होंने पति पर पूर्व में भी मारपीट, गाली-गलौच और धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में फंसाने की धमकी देने की बात भी शिकायत में कही गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।