महासमुंद जेल ब्रेक कांड का मास्टरमाइंड पंचराम निषाद सक्ती से गिरफ्तार, सादे कपड़ों में तैनात थी पुलिस
महासमुंद जेल ब्रेक की सनसनीखेज घटना के मास्टरमाइंड पंचराम निषाद को पुलिस ने सक्ती से गिरफ्तार कर लिया है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 09:24:27 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 09:25:28 PM (IST)
HighLights
- पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी शुरू की
- 10 मिनट के भीतर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया
- घटना में शामिल तीन अन्य आरोपित अब भी फरार हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। महासमुंद जेल ब्रेक की सनसनीखेज घटना के मास्टरमाइंड पंचराम निषाद को पुलिस ने सक्ती से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए घर पहुंचने से पहले ही घेराबंदी कर ली थी।
सरायपाली पुलिस सोमवार शाम से ही सादे कपड़ों में संदिग्ध ठिकाने के आसपास तैनात थी। मौका मिलते ही मंगलवार को पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी शुरू की
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जेल ब्रेक की घटना के बाद से ही पंचराम निषाद पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस को उसके सक्ती पहुंचने की सूचना मिली थी। इसके बाद सरायपाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से निगरानी शुरू की।
पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात रहे, ताकि आरोपित को भनक न लगे। मंगलवार सुबह पंचराम जैसे ही अपने घर दाखिल हुआ, महज 10 मिनट के भीतर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना में शामिल तीन अन्य आरोपित अब भी फरार हैं
इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, हालांकि जेल ब्रेक की घटना में शामिल तीन अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी के निर्देशन में गठित टीम को सफलता मिली है। जेल ब्रेक का फरार आरोपित पंचराम पकड़ लिया गया है। शेष की तलाश जारी है।
-विनोद कश्यप, टीआई महासमुंद