
नईदुनिया प्रतिनिधि, महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब दो करोड़ छह लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए 281.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
मामले में महाराष्ट्र के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से अवैध गांजा लेकर दो चारपहिया वाहन महासमुंद होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध फार्च्यूनर (एमएच 12 डब्ल्यूसी 0090) और स्कॉर्पियो (एमएच 12 वायएच 0090) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों वाहनों में रखी बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के फुलबनी क्षेत्र से महाराष्ट्र के पुणे ले जाकर खपाने की योजना बना रहे थे। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़, 40 लाख, 95 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, अक्षय नंदकुमार निगम, अभिषेक डेविड जगले और महेश काटकर शामिल थे।
यह भी पढ़ें- पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 2.5 लाख का 10 किलो 850 ग्राम गांजा जब्त, दो गिरफ्तार और एक फरार
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की गई है। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।