
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसदेई पुलिस ने घेराबंदी कर एक कार से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका एक साथी भागने में सफल रहा। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
रविवार को बसदेई पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 11 BD 8383) में सवार तीन व्यक्ति ग्राम बड़सरा से कुसमुसी की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुसमुसी मेन रोड पर मोर्चा संभाला और संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी। जैसे ही स्विफ्ट कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार में सवार एक व्यक्ति चकमा देकर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अन्य दो व्यक्तियों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस द्वारा कार की सघन तलाशी लेने पर उसमें 10 किलो 850 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकेश कंवर (25 वर्ष) और योगेश कंवर उर्फ सोनू (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कोरबा जिले के थाना कटघोरा अंतर्गत चौकी जटगा के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया है।
पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है और दावा किया है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- रायपुर पुलिस की रडार पर तोमर ब्रदर्स, रूबी के बाद अब भाई रोहित तोमर से पूछताछ, SC के आदेश पर मिली अंतरिम राहत
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक देवदत्त दुबे, रामकुमार, राकेश सिंह, अशोक सिंह, प्रेम सिंह, भुवनेश्वर सिंह, अशोक केंवट और नगर सैनिक अनिल विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।