
नईदुनिया न्यूज, मुंगेली: जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध और मृतका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की शंका के चलते मुख्य आरोपित ने गला दबाकर हत्या की थी। वारदात में उसके साथी की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात नेवासपुर निवासी उत्तम मोहले को सूचना मिली कि उनकी 17 वर्षीय नातिन बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है और आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। स्वजन मौके पर पहुंचे तो बालिका अचेत अवस्था में मिली। उसके गले पर चोट और खरोंच के निशान थे।
वहीं, दाहिने हाथ और पैर में धब्बेनुमा निशान भी पाए गए। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया हत्या का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने परिजनों और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाई। इसमें मृतका का ग्राम लिलवाकापा निवासी अजीत घृतलहरे के साथ पूर्व से प्रेम संबंध होने और दोनों के बीच विवाद की जानकारी सामने आई। संदेह के आधार पर पुलिस ने अजीत घृतलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अजीत ने बताया कि वर्ष 2021 से उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों के बीच बालिग होने पर विवाह को लेकर चर्चा भी चल रही थी। आरोपित मृतका को बीच-बीच में आर्थिक सहायता देता था। करीब एक वर्ष पहले उसे मृतका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की जानकारी मिली थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपित ने मृतका को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को हैदराबाद से गांव लौटने के बाद अजीत ने अपने साथी साहिल खाण्डे को बताया कि मृतका किसी अन्य युवक के संपर्क में है। इसके बाद 19 अक्टूबर की रात अजीत अपने साथी साहिल के साथ मोटरसाइकिल से नेवासपुर पहुंचा।
पुलिस की जांच के मुताबिक, अजीत ने साहिल को कुछ दूरी पर आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए भेज दिया और खुद घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर उसने मृतका को फोन पर बातचीत करते देखा। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई और दोनों निर्माणाधीन कमरे में गिर गए।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अजीत ने मृतका का गला दोनों हाथों से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को दूसरे कमरे के बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि मौत हार्ट अटैक से होने जैसी लगे। वारदात के बाद अजीत ने अपने साथी साहिल को घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों कवर्धा के नेवारीगुड़ा में देवी दर्शन के लिए गए और रात में वापस लौटकर अपने घर सो गए।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित अजीत घृतलहरे से पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर उसके साथी साहिल खाण्डे को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, साहिल ने भी वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। मामले में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में महिंद्रा डीलरशिप के कर्मचारी का बड़ा फर्जीवाड़ा, वाहन बुकिंग के नाम पर ग्राहकों से हड़पे लाखों रुपये