
नईदुनिया न्यूज, मुंगेली : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री की तैयारी में जुटे चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 65 हजार 80 रुपये आंकी गई है।
भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन बाज के तहत साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 14 नवंबर को सूचना मिली थी कि सरदार पटेल वार्ड स्थित एक बाड़ी में कुछ लोग ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चारों आरोपितों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10.20 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि जयकुमार साहू, दीपक यादव और रोशन पटेल 13 नवंबर को बस से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) गए थे। वहां से ब्राउन शुगर खरीदकर वे मुंगेली पहुंचे। इसके बाद देवा उर्फ वेदव्यास साहू के साथ मिलकर चारों इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मदद से ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर बिक्री करने की योजना बना रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में जयकुमार साहू (21), दीपक यादव (22), रोशन पटेल (20) और देवा उर्फ वेदव्यास साहू (23) शामिल हैं। चारों मुंगेली के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 427/2026 के तहत धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपितों को 15 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में धान खरीदी के पहले दिन किसानों को झटका, सुबह धान लेकर पहुंचे तो उड़ गए होश; बदला खरीदी केन्द्र
पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में की गई। इसमें निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी सहित साइबर सेल और सिटी कोतवाली के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की अवैध तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।