
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। धान खरीदी शुरू होने के पहले ही दिन अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में केंद्र बदलने के फैसले ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी। जिस केंद्र को तैयार करने के लिए किसानों ने खुद श्रम और पैसा लगाया, वहां रविवार सुबह धान लेकर पहुंचे तो पता चला कि खरीदी केंद्र रातोंरात बकतरा स्थानांतरित कर दिया गया है।
अचानक हुए इस फैसले से नाराज किसानों ने दूसरे केंद्र में धान बेचने से इन्कार कर दिया है। उनकी मांग है कि बिरोदा में ही खरीदी शुरू की जाए। किसानों के मुताबिक, पहले बकतरा में खरीदी केंद्र खोलने की बात हुई थी, लेकिन वहां जगह की समस्या के कारण बिरोदा में केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद गांव के करीब 300 से 400 किसानों ने मिलकर मैदान तैयार किया और खरीदी के लिए जरूरी व्यवस्थाएं जुटाईं। किसानों का आरोप है कि रविवार रात करीब 12 बजे केंद्र को फिर बकतरा स्थानांतरित करने का फैसला कर लिया गया, लेकिन इसकी पूर्व सूचना किसी को नहीं दी गई। सुबह धान लेकर पहुंचे किसानों को पूछताछ के बाद इस बदलाव की जानकारी मिली।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में काली साड़ी पहनकर आंदोलन करेंगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, थाली और चम्मच बजाकर उठाएंगी मांग
बकतरा जाने में बढ़ेगा खर्च, दुर्घटना का भी खतरा
किसानों का कहना है कि बकतरा तक धान ले जाने में परिवहन खर्च बढ़ेगा। रास्ता खराब है और बीच में नहर पार करनी पड़ती है। शाम को धान लेकर लौटने के दौरान दुर्घटना का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में बिना पूर्व सूचना केंद्र बदलने से किसानों के सामने नई परेशानी खड़ी हो गई है।
जमीन विवाद सुलझने के बाद बदला फैसला
मामले में एसडीएम का कहना है कि बिरोदा में खरीदी केंद्र बनाने का निर्णय जमीन विवाद के कारण लिया गया था। बाद में विवाद सुलझने पर बकतरा में केंद्र संचालित करने का फैसला किया गया।
हालांकि, किसानों का सवाल है कि जब बिरोदा में उनकी मेहनत से खरीदी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं तो उन्हें विश्वास में लिए बिना केंद्र क्यों बदल दिया गया? फिलहाल किसान अपनी मांग पर अड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि बिरोदा में खरीदी शुरू नहीं हुई तो वे बकतरा केंद्र में धान नहीं बेचेंगे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर को आक्रोश रैली, पटवारियों के समर्थन में उतरा कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन