
Bilaspur Crime News: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। जरहाभाठा क्षेत्र में रहने वाला युवक पड़ोस की महिला पर गंदी नजर रखता था। उसने इसकी जानकारी रिश्तेदारों को दी। इस पर रिश्तेदारों ने जाकर युवक को समझाइश दी। इसके बाद वे चले गए। रात को युवक ने अपने दोस्तों से मिलकर उनकी पिटाई कर दी। मारपीट से घायल ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
जरहाभाठा में रहने वाले प्रापर्टी डीलर ने मारपीट की शिकायत की है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि मोहल्ले में किराए पर रहने वाला घनश्याम साहू एक महिला पर गंदी नजर रखता था। महिला ने इसकी जानकारी अपने रिश्तेदारों को दी। उसके रिश्तेदार ने प्रापर्टी डीलर को लेकर घनश्याम के पास गए। उन्होंने घनश्याम को समझाइश दी। इसके बाद वे चले गए। रात को प्रापर्टी डीलर अपने दोस्त के साथ पार्टी करने गया था। वहां दोनों अपनी बाइक में जरहाभाठा लौटे। रास्ते में घनश्याम ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उन्हें धक्का देकर बाइक से गिरा दिया।
इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लोहे के पाइप और बेसबाल के बेट से दोनों की पिटाई की। मारपीट से जहां प्रापर्टी डीलर के चेहरे और सिर में चोटे आई है। वहीं, उसका साथी मारपीट से बेहोश हो गया। हमले के बाद युवक वहां से भाग निकले। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव की। मोहल्ले वालों के पहुंचने पर युवक वहां से भाग निकले। लोगों ने घटना की जानकारी डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 के वाहन से घायल को लेकर सिम्स में भर्ती कराया गया है। प्रापर्टी डीलर ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ले वालों के पहुंचने पर भागने लगे हमलावर
मारपीट के दौरान प्रापर्टी डीलर ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। इस पर आसपास के लोग वहां पहुंचने लगे। लोगों की भीड़ जमा होने से पहले ही हमलावर युवक वहां से भागने लगे। पूछताछ में पता चला है कि युवक किसी निजी संस्थान में काम करता है। पुलिस मकान मालिक से हमलावर युवकों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।