
नईदुनिया प्रतिनिधि,रायगढ़: ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में लापरवाही बरतने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत सातम क्षेत्र में संचालित तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सीलिंग की कार्रवाई की गई।
सबसे गंभीर अनियमितता आमंत्रण ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट में मिली, जहां एक्सपायरी कोल्डड्रिंक की 10 बोतलें और रोटियां बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा एक्सपायरी आटा मिला। विभाग ने दोनों खाद्य सामग्रियों को नष्ट कराया। साथ ही प्रतिष्ठान को पांच दिनों के लिए सील करने के साथ लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के तहत एनएच-49 स्थित ढाबा, चंपारण फास्ट फूड और आमंत्रण ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान एनएच-49 स्थित ढाबा और चंपारण फास्ट फूड में साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां मिलीं। इसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों को तीन-तीन दिनों के लिए सील कर दिया गया।
वहीं आमंत्रण ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट में जांच के दौरान वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। इसके अलावा पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं थी और पेयजल की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। एक्सपायरी कोल्डड्रिंक और आटा मिलने को विभाग ने गंभीरता से लिया। प्रतिष्ठान को पांच दिनों के लिए सील करने की कार्रवाई के साथ उसका लाइसेंस निलंबित किया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 दिवसीय विशेष अभियान के बाद भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और सुधारात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, पेयजल की जांच रिपोर्ट, नियमित पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन और सुधार के निर्देशों की अनदेखी करने पर सीलिंग सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि आमजन के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों के भविष्य से खिलवाड़, बतौली के कोईलार ढोढ़ी स्कूल को 30 साल से भवन का इंतजार