पिट्ठू बैग में गांजा और बोरियों में महुआ शराब, तस्करों की 'होम डिलीवरी' पर पुलिस ने लगाया ब्रेक
रायगढ़ में दो आरोपियों से 4 किलो 68 ग्राम गांजा जब्त कर जेल भेजा, वहीं खरसिया पुलिस ने तीन दबिश में एक महिला सहित तीन आरोपियों से 35 लीटर महुआ शराब बरामद की।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 04:46:33 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 04:46:33 PM (IST)
खरसिया पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपितों को दबोचकर 35 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कीHighLights
- रायगढ़ में ऑपरेशन आघात के तहत 5 आरोपी गिरफ्तार।
- जूटमिल में 4 किलो 68 ग्राम गांजा जब्त, जेल।
- खरसिया में तीन दबिश से 35 लीटर महुआ शराब बरामद।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़ : जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। जूटमिल पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 4 किलो 68 ग्राम गांजा जब्त किया, वहीं खरसिया पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपितों को दबोचकर 35 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सारंगढ़ रोड की ओर से यात्री बस में सवार होकर पिट्ठू बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड की ओर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने लोक सेवा केंद्र के पीछे बजरंगपारा मैदान में घेराबंदी कर गोविन्द भट्ठ उर्फ बुटू (56) और मंजे देवार (26), दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा वार्ड क्रमांक 38, को पकड़ा। तलाशी में खाकी व हरे रंग की पन्नियों में भरा 4 किलो 68 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 60,000 रुपये) मिला। आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिनव कांत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक वेदवती कुमेटी, एएसआई हेमंत कश्यप और टीम की भूमिका रही।
खरसिया पुलिस ने तीन स्थानों पर दबिश देकर पकड़ी 35 लीटर महुआ शराब:
अभियान ऑपरेशन आघात के तहत खरसिया पुलिस ने एक ही दिन में तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 35 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 5,700 रुपये) जब्त करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गोपी महका में पहली कार्रवाई: एयरटेल टावर के सामने घेराबंदी कर रतन महका निवासी सुरेन्द्र कुमार सिदार (31) को पकड़ा गया, जिसके जरिकेन व बोतल से 10 लीटर महुआ शराब (कीमत करीब 2,000 रुपये) मिली। आरोपित पर धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
महुआपाली में दो कार्रवाइयां: मालधक्का रोड के पास बोरी में शराब लेकर जा रहे महुआपाली निवासी सुशील बघेल (19) से 13 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 1,300 रुपये) बरामद की गई। वहीं मालधक्का रोड महुआपाली में थैला लिए मिली यशोदा बाई सतनामी (41) के कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत करीब 2,400 रुपये) जब्त हुई। इस टीम में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता साहू व स्टाफ शामिल रहे।