
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। शराब पीने की आदत छोड़ने की पिता की समझाइश बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने ही पिता की जान ले ली। घर में विवाद और मारपीट के बाद जब बुजुर्ग अपनी पत्नी के साथ शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे, तभी पीछे से टांगी लेकर पहुंचे बेटे ने रास्ते में उन्हें रोक लिया और अपनी मां के आंखों के सामने ही उसने पिता के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया।
खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानीसागर में मंगलवार रात हुई इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपित बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम रानीसागर निवासी राजकुमार गिरी (36) शराब के नशे में घर पहुंचा था। परिवार के सभी सदस्य उस समय घर पर मौजूद थे। पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी (65) ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि घर चलाने के लिए पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आता है। पूजा-पाठ का दिन होने का हवाला देकर भी उन्होंने बेटे को ऐसा करने से मना किया। इस बात पर राजकुमार आक्रोशित हो गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा।
घर में हुए विवाद के बाद श्रवण गिरी अपनी पत्नी शैलेन्द्र गिरी (62) के साथ रात करीब 9 बजे इसकी शिकायत करने सरपंच के घर के लिए निकले। दोनों अभी सरपंच के घर के गेट के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से टांगी लेकर आए राजकुमार ने उन्हें रोक लिया। माता-पिता के शिकायत करने जाने से नाराज आरोपित ने पिता के सिर पर टंगिया से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से श्रवण गिरी जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपित ने उनके सिर और पीठ पर कई वार किए। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह वहां से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर: किस्त के लिए भटक रहे पीएम आवास हितग्राही, बैठक से गायब पांच कर्मचारियों को नोटिस
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव और फारेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर खरसिया थाने में राजकुमार गिरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वारदात के बाद फरार होने की फिराक में रहे आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
शराब की लत को लेकर घर में शुरू हुआ विवाद
हत्याकांड की वजह देखा जाए तो राजकुमार के रोज शराब पीकर घर आने से परिवार परेशान था। घटना की रात भी वह नशे में घर पहुंचा। पिता ने घर की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उसे शराब छोड़ने की समझाइश दी। इसी बात पर वह भड़क गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा। विवाद के बाद माता-पिता ने सरपंच से शिकायत करने का निर्णय लिया था, लेकिन रास्ते में ही पिता की निर्मम तरीके से हत्या कर दी।
मां के सामने बेटे ने छीन लिया पिता का जीवन
हत्याकांड का दुखद पहलू यह भी है कि 62 वर्षीय शैलेन्द्र गिरी अपने पति के साथ सरपंच के घर शिकायत करने जा रही थीं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में बेटा इस तरह का हमला कर देगा। सरपंच के घर के गेट के पास राजकुमार ने टंगिया से पिता पर हमला कर दिया। पत्नी के सामने हुए इस जानलेवा हमले में श्रवण गिरी की मौत हो गई। परिवार का घरेलू विवाद देखते ही देखते हत्या की वारदात में बदल गया।