
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़: शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और विश्वास में लेकर उससे करीब 93 हजार रुपये लेने के मामले में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया और रुपये वापस मांगने पर शादी से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
22 वर्षीय पीड़िता मूलतः तमनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर काम करती है। युवती ने 16 नवंबर 2026 को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि अक्टूबर माह में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान से हुई थी। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। कुछ दिनों बाद आरोपित ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की बात कहकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
आरोप है कि 8 अक्टूबर 2026 की रात आरोपी उसके किराये के मकान में पहुंचा और शादी करने का भरोसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी वह लगातार शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान अपनी आर्थिक जरूरत बताकर आरोपी ने युवती से करीब 93 हजार रुपये भी ले लिए।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, 8 ट्रैक्टर-ट्राली जब्त, बिना नंबर प्लेट पर आरटीओ की चुप्पी पर सवाल
28 अक्टूबर को जब युवती ने आवश्यकता पड़ने पर अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपित ने रुपये लौटाने से इनकार करते हुए शादी नहीं करने और जो करना है कर लेने की बात कही। इतना ही नहीं, उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में उसके विरुद्ध धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने पतासाजी शुरू की तो जानकारी मिली कि वह थाना जूटमिल के एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है। वहीं , 17 नवंबर की शाम मारपीट के प्रकरण में जमानत पर जेल से रिहा होते ही महिला थाना एवं जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ एवं कार्रवाई के बाद आरोपित मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन उर्फ मेहराब अंसारी, पिता मो. सफिउद्दीन अंसारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जूटमिल के सामने गली, थाना जूटमिल, रायगढ़ को महिला थाना के प्रकरण में गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत एवं आरक्षक राजेश उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।