_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। घरघोड़ा नगर पंचायत उपाध्यक्ष पर युवक को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है। इस संबंध में वार्ड क्रमांक 02 निवासी मुजाहिर खान ने घरघोड़ा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में मुजाहिर खान ने बताया है कि उनके छोटे भाई तारिक अनवर उर्फ मोनू खान को नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी और मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। इसके कारण उनका भाई काफी समय से मानसिक तनाव में था। शिकायतकर्ता के अनुसार, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उनके भाई ने आत्महत्या का प्रयास किया। वर्तमान में वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
यह भी पढ़ें- पिकनिक की आड़ में जुआ खेलते पकड़े गए एल्डरमैन और प्रिंसिपल: कोरबा पुलिस ने छह को दबोचा
शिकायत में परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अमित त्रिपाठी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित युवक और परिवार को किसी भी तरह की धमकी या दबाव से सुरक्षा देने की मांग की है। साथ ही अस्पताल में भर्ती युवक का बयान लेकर मामले की सच्चाई सामने लाने का आग्रह किया है।
वर्जन
मैं आज ही पेशी से आया हूं, पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई विवेचना के बाद की जाएगी।
कुमार गौरव, निरीक्षक थाना प्रभारी