
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़ शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर देवरी और लेबडा गांव के पास स्थित लेबडाघाट में मांड नदी पर चल रहे अवैध रेत उत्खनन के मामले में खनिज विभाग की टीम ने सुबह-सुबह दबिश दी। इस दौरान मौके से 4 जेसीबी मशीन, 1 चैन माउंटेन और 1 ट्रैक्टर लोडर को जब्त किया गया।
जानकारी के मुताबिक लेबडाघाट में मांड नदी से लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। खनिज विभाग तक लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं, लेकिन कार्रवाई के लिए टीम जब भी मौके पर पहुंचती थी, उससे पहले ही अवैध उत्खनन में लगे तस्कर मौके से फरार हो जाते थे। ऐसे में इस बार विभाग ने सुबह-सुबह दबिश देकर कार्रवाई की।
टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध उत्खनन में इस्तेमाल हो रही मशीनों और वाहनों को पकड़ लिया। जब्त किए गए संसाधनों में चार जेसीबी, एक चैन माउंटेन मशीन और एक ट्रैक्टर लोडर शामिल हैं। एक साथ छह मशीनों और वाहनों की जब्ती से अवैध रेत उत्खनन के बड़े स्तर पर संचालित होने की आशंका सामने आई है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ ACB-EOW का बड़ा एक्शन: 93 लाख के बैंक घोटाले का आरोपी पूर्व SBI मैनेजर झारखंड से गिरफ्तार
इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि लंबे समय से मांड नदी में रेत का अवैध उत्खनन कौन करवा रहा था। मशीनें नदी में लगाकर रेत निकालने वाले लोगों के पीछे कौन है । इन सभी सवालों को लेकर तथा रेत उत्खनन में लगें लोगो के नेटवर्क पर कार्रवाई करने पूरी कुंडली खनिज विभाग खंगाल रही है।
फिलहाल खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत उत्खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि विभाग आगे किन लोगों पर कार्रवाई करता है।