93 लाख के बैंक घोटाले का आरोपी झारखंड से गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ ACB-EOW का बड़ा एक्शन
छत्तीसगढ़ की एसीबी-ईओडब्ल्यू टीम ने छह साल पुराने 93.60 लाख रुपये के बैंक गबन मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने कोरबा की बालको एसबीआई शाखा के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा को झारखंड के दुमका से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बैंक के खातों से यह रकम अपनी पत्नी और ड्राइवर के खातों में ट्रांसफर की थी।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 05:05:20 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 05:20:23 PM (IST)
93.60 लाख के बैंक गबन का आरोपी तत्कालीन SBI मुख्य प्रबंधक सुनील कुमार झा। पुलिसHighLights
- वर्ष 2018-19 में कोरबा की बालको एसबीआई शाखा में पदस्थ रहते हुए की थी 93.60 लाख की धोखाधड़ी
- वर्ष 2018-19 में कोरबा की बालको एसबीआई शाखा में पदस्थ रहते हुए की थी 93.60 लाख की धोखाधड़ी
- दुमका कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाई टीम, कोरबा कोर्ट में पेश कर लिया गया पुलिस रिमांड
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। बैंक के खातों से 93.60 लाख रुपये का गबन कर अपनी पत्नी और वाहन चालक के खातों में रकम ट्रांसफर करने वाले भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक को छह साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। छत्तीसगढ़ एसीबी-ईओडब्ल्यू की बिलासपुर टीम ने दबिश देकर आरोपी सुनील कुमार झा (35 वर्ष) को झारखंड के दुमका स्थित उसके घर से धर दबोचा। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बैंक के खातों से की थी हेराफेरी
मामला वर्ष 2018-19 का है, जब सुनील कुमार झा कोरबा जिले की बालको एसबीआई शाखा में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ थे। आरोप है कि 1 जून 2018 से 1 अगस्त 2019 के बीच उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक के टर्म लोन ब्याज खाते, सिस्टम सस्पेंस खाते और डिस्काउंट खाते से अवैध रूप से 93,60,797 रुपये निकाल लिए।
पत्नी और ड्राइवर के खाते में भेजी रकम
जांच में सामने आया कि आरोपी प्रबंधक ने फर्जी बैच ट्रांसफर वाउचर और डेबिट वाउचर तैयार किए थे। इन्हीं वाउचरों के जरिए बैंक की रकम अपनी पत्नी श्वेता झा, वाहन चालक रूदेश्वर सिंह ठाकुर और कुछ अन्य परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी। गबन का खुलासा होने पर एसबीआई के कोरबा क्षेत्रीय प्रबंधक बापूजी चरण स्वैन ने वर्ष 2020 में ईओडब्ल्यू-एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। ब्यूरो ने मामले में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण कानून की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जब्त किए गए बैंक स्टेटमेंट और मूल वाउचरों की जांच में आरोपी की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो गई।
दुमका से ट्रांजिट रिमांड पर लाई पुलिस
पुख्ता सबूत मिलने के बाद एसीबी बिलासपुर की टीम ने झारखंड के दुमका स्थित रसीकपुर इलाके में दबिश देकर आरोपी सुनील कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दुमका की अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और आरोपी को कोरबा लेकर पहुंची, जहां पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।