नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़ : जिले में फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे आपरेशन क्लीन हंट के तहत कापू पुलिस को शासकीय भूमि के फर्जी अंतरण के मामले में एक और सफलता मिली है। थाना कापू पुलिस ने ग्राम रायमेर की शासकीय भूमि को कूटरचित दस्तावेजों एवं अवैधानिक तरीके से निजी व्यक्तियों के नाम पर अंतरित कर बिक्री करने के मामले में भूमि विक्रेता को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
11 अगस्त 2026 को तहसीलदार कापू उन्मेश पटेल द्वारा थाना कापू में दी गई रिपोर्ट से हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के खसरा नंबर 479/2, 467/36, 467/25, 467/23, 310/10/ख, 310/10/2 आदि में कूटरचना कर खसरा बंटाकन एवं राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर किया गया तथा बाहरी व्यक्तियों के नाम पर फर्जी पट्टे तैयार कर बाद में दलालों के माध्यम से उक्त भूमि की रजिस्ट्री कराई गई।
जांच के दौरान शासकीय भूमि के कुछ हिस्सों को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्तियों के नाम पर दर्ज किए जाने तथा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर आगे अन्य व्यक्तियों को अंतरित किए जाने का खुलासा हुआ।
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने 02 सितंबर 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर फरार आरोपित तत्कालीन पटवारी राकेश साय, उम्र 45 वर्ष, निवासी सिविल लाइन धरमजयगढ़ को ग्राम गनपतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद कई अन्य लोगो को गिरफ्तार किया गया है। इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में उजीतराम अपने गांव में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
यह भी पढ़ें- शादी के सीजन में कोरबा के रेल यात्रियों की बढ़ेगी मुसीबत: 6 से 18 दिसंबर तक रद रहेंगी 12 ट्रेनें
पूछताछ में उसने बताया कि ग्राम रायमेर स्थित शासकीय भूमि को तत्कालीन पटवारी राकेश साय द्वारा निजी व्यक्ति के नाम पर दर्ज किया गया था। इसके बाद कूटरचित दस्तावेजों एवं अवैधानिक तरीके से उक्त भूमि का अन्य व्यक्ति के पक्ष में अंतरण किया गया।
उजीतराम द्वारा उक्त भूमि की बिक्री के लिए मुक्तारनामा कैलाश जेठवानी को दिए जाने तथा उसके माध्यम से बिक्री कराए जाने की बात भी सामने आई। विवेचना में उजीतराम के अपराध में संलिप्त होने के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे 22 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कापू पुलिस द्वारा मामले में शेष फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें,,
कयाघाट मुक्तिधाम की बदहाली दूर कर मरीन ड्राइव में बने सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम, प्रकाश निगानिया ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से की जनहित में पहल की मांग
रायगढ़ :औद्योगिक नगरी रायगढ़ में विकास और सौंदर्यीकरण के अनेक कार्य हो रहे हैं, लेकिन कयाघाट स्थित मुक्तिधाम की बदहाल स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। परिसर में जगह-जगह कचरे का अंबार, टूटे फर्श और जमी काई के कारण अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, मरीन ड्राइव निर्माण के चलते मुक्तिधाम की जमीन भी प्रभावित हुई है।
शहरवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश निगानिया ने इस समस्या को उठाते हुए शासन-प्रशासन, नगर निगम और रायगढ़ विधायक व वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मरीन ड्राइव क्षेत्र में नए एवं सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम के निर्माण की पहल करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि कोरबा, सक्ती, बिलासपुर और संबलपुर जैसे शहरों में व्यवस्थित मुक्तिधाम की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि औद्योगिक नगरी रायगढ़ में आज भी इसकी कमी महसूस की जा रही है।
उन्होंने प्रस्तावित मुक्तिधाम में व्यवस्थित अंतिम संस्कार स्थल, शेड, पेयजल, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छ फर्श और सुंदर गार्डन जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि मुक्तिधाम पूरे समाज की साझा आवश्यकता है। नागरिकों को अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई देने के लिए स्वच्छ, शांत और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए।