
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। बातचीत बंद करने से नाराज युवक ने युवती को परेशान करने के साथ उसके घर पहुंचकर छेड़खानी की और मोबाइल स्टेटस पर उसकी फोटो डालकर बदनाम करने का प्रयास किया। युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता की करीब दो वर्ष पहले आरोपी अजीत मालाकार, निवासी ग्राम सेमरा पुसौर, वर्तमान पता चांदमारी, से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसकी जानकारी परिजनों को होने के बाद युवती ने आरोपित से दूरी बना ली, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहा।
युवती ने शिकायत में बताया कि 4 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा। बातचीत नहीं करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी और गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इसके बाद आरोपी ने युवती की फोटो अपने मोबाइल स्टेटस पर डाल दी, जिससे उसे बदनाम करने का प्रयास किया गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के मस्तूरी में पटवारी कार्यालय में ताश खेलने का वीडियो वायरल, किसानों से दुर्व्यवहार और भगाने का आरोप
पीड़िता ने 27 नवंबर को महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत धारा 78(1)(ii) और 74 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की। पुलिस टीम ने चांदमारी स्थित उसके घर पर दबिश देकर
आरोपित को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत एवं महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।