
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा भर्ती के रिक्त पदों पर 1346 पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को अपने चयनित स्कूल में 04 दिसंबर 2026 तक कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की है।
छत्तीसगढ़ में कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा (CBT) पहली बार 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम 16 नवंबर 2026 को और जिलावार चयन सूची 21 नवंबर 2026 को जिले के आरक्षण रोस्टर के अनुसार जारी की गई थी।
चयनित सभी 1731 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए 25 नवंबर को संबंधित जिला मुख्यालय में बुलाया गया था। सत्यापन में 1346 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, 40 अपात्र हुए, 201 अनुपस्थित रहे, जबकि 144 अभ्यर्थियों का एक से अधिक पदों में चयन होने के कारण एक पद छोड़ा गया।

पात्र 1346 अभ्यर्थियों की मेरिट आधार पर काउंसलिंग 27 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालयों में आयोजित की गई। इसके बाद अभ्यर्थियों को चयनित स्कूल में 04 दिसंबर तक कार्यभार ग्रहण करने संबंधी पदांकन आदेश जारी कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मंगेश के समर्पण से कांकेर में खत्म हो जाएगा लाल आतंक, पुलिस को लंबे समय से तलाश, अब तक 5 साथी गिरफ्तार
अपात्र, अनुपस्थित और एक से अधिक पदों पर चयन के कारण रिक्त 385 पदों पर प्रतीक्षा सूची से दूसरी चयन सूची 01 दिसंबर 2026 को विभागीय वेबसाइट http://eduportal.cg.nic.in पर जारी की जाएगी। इन चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन 04 दिसंबर को चयनित जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।