
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) परिसर में 700 बिस्तरों वाले आधुनिक एकीकृत अस्पताल भवन का निर्माण शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 30 नवंबर को 376 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस भवन का शिलान्यास करेंगे।
इस नए भवन में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के उपचार के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे सुरक्षित प्रसव से लेकर नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल तक की व्यवस्था एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री मेकाहारा परिसर में 33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 536 बिस्तरीय परिजन विश्राम गृह का भी शिलान्यास करेंगे। सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के सहयोग से निर्मित होने वाले इस विश्राम गृह से प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों और अन्य जिलों से इलाज कराने आने वाले मरीजों के स्वजनों को ठहरने की बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी दो नई संस्थाओं की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित होने वाले प्रदेश के पहले शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा, विश्वविद्यालय परिसर में संचालित होने वाले पहले नर्सिंग कॉलेज की भी शुरुआत की जाएगी।
700 बिस्तरीय एकीकृत अस्पताल भवन के तैयार होने से प्रसव और जन्म के बाद नवजात शिशुओं को जरूरी उपचार दिलाने के लिए परिजनों को अलग-अलग विभागों या इमारतों में भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल में उच्च स्तरीय और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के माध्यम से मेकाहारा की उपचार क्षमता बढ़ाने, मरीजों के स्वजनों के ठहरने की समस्या दूर करने और राज्य में चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में धमकी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन सख्त, हॉस्टल में सुधरे पंखे व लाइटें; प्राचार्य पर गिरी गाज