
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मल्हाराश्रम स्कूल की अव्यवस्थाएं उजागर होने के बाद प्रशासनिक सख्ती का असर पहले दिन ही दिखाई दिया। रविवार को हॉस्टल में तेजी से सुधार कार्य होता नजर आया। जिस बॉयज हॉस्टल के छात्र द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी, वहां फ्लोर का रिपेयरिंग वर्क होने के साथ ही वाटर कूलर भी लगा दिया गया है।
इसके साथ ही कमरों के खराब पंखों को सुधारकर बंद लाइटों को भी बदला जा रहा है। सुबह से ही कर्मचारी हॉस्टल की साफ-सफाई करने और कारीगर मरम्मत करते नजर आए। पानी की उपलब्धता के लिए टंकी रखने के साथ नए नलों की फिटिंग भी की गई।
मल्हाराश्रम स्कूल की नई बिल्डिंग का करोड़ों की लागत से निर्माण कार्य जारी है। वर्तमान में स्कूल और हॉस्टल पुरानी इमारत में ही संचालित हो रहे हैं। जिस इमारत में छात्रावास है, वहां की हालत बेहद जर्जर है। बॉयज हॉस्टल में रहने वाले ये बच्चे 'सुपर-100' परीक्षा में चयनित होकर यहां आए हैं और इन्हें बेहद मुश्किल परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है।
हॉस्टल में होने वाली दिक्कतों को लेकर छात्रों ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी। इसकी जानकारी स्कूल प्राचार्य देवेंद्र रामिश को लगने के बाद उन्होंने शिकायतकर्ता छात्र को फेल करने की धमकी दी थी।
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और 28 अक्टूबर को एसडीएम तथा जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया था। शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों द्वारा कलेक्टर शिवम वर्मा को प्रतिवेदन भेजा गया था, जिसके बाद कलेक्टर ने इस मामले में प्राचार्य के निलंबन के लिए संभागायुक्त को प्रस्ताव भेजा है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 1 दिसंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 1433 केंद्रों पर होगा उपार्जन; ₹2,441 क्विंटल मिलेगी कीमत