
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। सरकार बस्तर संभाग के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ ही जनजातीय अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में सरकार ने बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों के लिए एक बड़ी सौगात देते हुए कुल 435 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी बिजली परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से संभाग के 461 गांव अब सीधे ऑन-ग्रिड बिजली की रोशनी से जगमगा उठेंगे।
इस व्यापक विद्युतीकरण परियोजना को सुचारू रूप से क्रियान्वित करने के लिए राज्य सरकार ने तत्काल कदम उठाते हुए प्रथम चरण के कार्यों हेतु 85 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत भी कर दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से बस्तर संभाग के उन सुदूर ग्रामीण इलाकों तक निर्बाध और स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जो अब तक पारंपरिक ग्रिड नेटवर्क से वंचित थे या जहां बिजली की पहुंच सीमित थी।
बुनियादी ढांचे और विद्युतीकरण के साथ-साथ सरकार ने बस्तर की जनजातीय संस्कृति, वनों पर उनकी निर्भरता और उनके पारंपरिक अधिकारों के संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण वित्तीय प्रावधान किए हैं। इसके अंतर्गत संभाग के 160 गांवों में सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन (सीएफआर) को बढ़ावा देने के लिए 16 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इससे स्थानीय ग्रामीण अपने वन संसाधनों का बेहतर संरक्षण और प्रबंधन कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- Mahtari Shakti Loan Scheme : छत्तीसगढ़ की महिलाओं को बिना गारंटी मिलेगा लोन, जानें महतारी शक्ति ऋण योजना
इसके अतिरिक्त, विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) के अंतर्गत आने वाले अबूझमाड़िया समुदाय के पर्यावास अधिकारों (हैबिटेट राइट्स) की मान्यता और उनके संरक्षण हेतु 1.65 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। सरकार के इन समन्वित प्रयासों से बस्तर क्षेत्र में न केवल अंधेरा दूर होगा, बल्कि जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों को भी संवैधानिक व आर्थिक मजबूती मिलेगी।