
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए चलाए जा रहे 'निश्चय कार्यक्रम' के तहत रविवार को केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय और जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इसमें 40 पुरुष बंदियों को 'कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट' और 30 महिला बंदियों को 'असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)' के तहत ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बंदियों को प्रमाण-पत्र सौंपते हुए कहा कि जेल में बंदियों को हुनरमंद बनाना सुधारात्मक प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार के नए रास्ते खोलती है, वहीं महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण मिलने से वे रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कौशल विकास केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त जरिया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 41 दिन बाद खत्म हुई पटवारियों की हड़ताल, CM साय के आश्वासन के बाद काम पर लौटेंगे
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने कहा कि शिक्षा और तकनीकी ज्ञान बंदियों के जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। इससे वे जेल में बिताए समय का रचनात्मक उपयोग कर समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक लौट सकेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- राजनांदगांव में घर की छत ढही, मलबे में दबकर मजदूर की मौत