राजनांदगांव में घर की छत ढही, मलबे में दबकर मजदूर की मौत
राजनांदगांव के भर्रेगांव में रविवार सुबह निर्माण कार्य के दौरान घर की छत ढहने से 52 वर्षीय मजदूर संतोष यादव मलबे में दब गया। सुरगी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक बचाव अभियान चलाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 02:39:05 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 02:39:05 PM (IST)
राजनांदगांव में छत ढहने की घटना के बाद मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ (बाएं) और मलबे में दबे मजदूर को निकालने के लिए रेस्क्यू करती एसडीआरएफ की टीम (दाएं)।HighLights
- अपने घर में छज्जे और छत का निर्माण कार्य करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
- सुरगी पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाला शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। जिला मुख्यालय से लगे भर्रेगांव में रविवार सुबह हुए हादसे में घर की छत ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान भर्रेगांव निवासी संतोष यादव (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने घर में छज्जे और छत का निर्माण कार्य कर रहा था, तभी अचानक छत भरभराकर उसके ऊपर गिर गई और वह भारी मलबे के नीचे दब गया। सूचना मिलने पर पहुंची सुरगी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक बचाव अभियान चलाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
निर्माण कार्य के दौरान ढही छत
जानकारी के अनुसार, संतोष यादव रविवार सुबह करीब नौ से 10 बजे के बीच अपने मकान में मरम्मत और निर्माण कार्य कर रहा था। इसी दौरान छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक कमजोर होकर ढह गया और संतोष को संभलने तक का मौका नहीं मिला। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को घटना की सूचना दी।
दो घंटे चला बचाव अभियान
हादसे की खबर मिलते ही सुरगी पुलिस चौकी का स्टाफ और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे संतोष को बाहर निकाला गया, लेकिन गंभीर चोट लगने और दम घुटने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। सुरगी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।