
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। पटवारियों की हड़ताल के बीच राज्य सरकार ने अनुशासनात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदेश के 33 जिलों में पटवारियों के वेतन पर रोक लगाने के साथ अब तक 3,912 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
141 पटवारी निलंबित किए जा चुके हैं, जबकि 336 की सेवा में ब्रेक की कार्रवाई हुई है। इसके अलावा 95 पटवारियों का तबादला और 37 के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। 1,007 को ब्रेक इन सर्विस (सेवा व्यवधान ) का नोटिस तथा 186 को अंतिम चेतावनी दी गई है।
जिले में सात पटवारी निलंबित
जिले में कार्रवाई के आंकड़े भी बढ़े हैं। जिला प्रशासन की 12 नवंबर की जानकारी के अनुसार, जिले में सात पटवारी निलंबित और 229 को काम पर लौटने के नोटिस जारी किए गए हैं। रायपुर तहसील में एक निलंबन और 51 नोटिस, धरसींवा में 30 नोटिस, तिल्दा में एक निलंबन और 48 नोटिस, आरंग में दो निलंबन और 57 नोटिस जारी हुए हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर, अब डिजिटल होगा ACR, प्रमोशन में नहीं होगी देरी
अभनपुर अनुविभाग में तीन निलंबन हुए हैं। इनमें गोबरा नवापारा का एक और अभनपुर तहसील के दो पटवारी शामिल हैं। यहां दोनों तहसीलों में क्रमश: 19 और 24 नोटिस जारी किए गए हैं।
इधर, जांजगीर-चांपा में खसरा अभिलेखों में सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना रकबा बदलने पर चार पटवारी निलंबित किए गए हैं। पामगढ़ के तीन और सारागांव के एक पटवारी पर कार्रवाई हुई है। इससे साफ है कि हड़ताल के साथ राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी के मामलों में भी प्रशासन सख्ती बरत रहा है।
यह भी पढ़ें- आदिवासी सीटें साधने में जुटी बीजेपी-कांग्रेस, 15 नवंबर को नितिन नवीन का शक्ति प्रदर्शन; कांग्रेस लगाएगी चौपाल