
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। जिला अध्यक्ष भुनेश्वरी तिवारी ने कहा कि लंबे समय से संघर्ष के बावजूद शासन द्वारा मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया है।
इसके विरोध में 17 नवंबर को नुक्कड़ नाटक, 18 को थाली-चम्मच बजाकर प्रदर्शन और 19 को काला चश्मा व काली साड़ी पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण में तीन दिवसीय जिला स्तरीय आंदोलन तथा 11 से 12 दिसंबर तक दो दिवसीय प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा।
अनिश्चितकालीन हड़ताल की मांग
यदि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। उनकी प्रमुख मांगों में कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का नियमितीकरण करने और जब तक नियमितीकरण न हो, तब तक 30,000 रुपये मानदेय देने की मांग शामिल है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में आज सीएम हाउस का घेराव, आदिवासी समाज कर रहा जनजातीय गौरव दिवस का विरोध
इसके अलावा आयु सीमा में छूट देकर 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर बिना परीक्षा के 50 फीसदी पदोन्नति देने तथा सहायिकाओं से कार्यकर्ताओं के पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति की मांग की गई है। सेवा समाप्ति के बाद 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि दिए जाने की भी मांग है।
विशेष मांगों के तहत पोषण ट्रैकर व अन्य एप के लिए उच्च गुणवत्तायुक्त 5जी मोबाइल, नेट खर्च बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिमाह करने, मुनगा एप में कार्य न लेने तथा महतारी वंदन कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि देने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 18 नवंबर को आक्रोश रैली, पटवारियों के समर्थन में उतरा कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन