
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। पटवारियों के अनिश्चितकालीन प्रदर्शन को अब कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का भी समर्थन मिल गया है। फेडरेशन ने पटवारियों की मांगों और शासकीय कर्मचारियों के लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के भुगतान को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया है।
18 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में आक्रोश रैली निकाली जाएगी। रैली के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। फेडरेशन की रविवार को हुई आपातकालीन वर्चुअल बैठक में पटवारियों के आंदोलन और लंबित डीए के मुद्दे पर चर्चा हुई।
सीएम से मुलाकात कर रखेंगे मांग
फेडरेशन ने पटवारियों पर कार्रवाई की निंदा की। साथ ही शासन से पटवारियों पर की गई दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और उनकी मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने बताया कि फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर भी अपनी मांगें रखेगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बिछाई जा रही गैस पाइपलाइन, 21 लाख घरों में PNG कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य
इसमें कर्मचारियों को लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित देने की मांग प्रमुख होगी। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर अगले चरण में एक दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। बैठक में विभिन्न कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के प्रांताध्यक्ष शामिल हुए थे।