सीएम हाउस में घुसने की कोशिश, डायल 112 के पुलिसकर्मी से मारपीट, सरकारी वाहन का कांच तोड़ा, आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास में घुसने का प्रयास करने वाले युवक निखिल चंद्र परगनिहा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Wed, 14 Oct 2026 12:44:10 PM (IST)Updated Date: Wed, 14 Oct 2026 12:48:55 PM (IST)
HighLights
- गांधी उद्यान के पास डायल 112 के टाइगर-01 वाहन के पास पहुंचा
- आरक्षक के साथ मारपीट और वाहन का कांच तोड़ने का आरोप
- मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास में घुसने का प्रयास करने वाले युवक निखिल चंद्र परगनिहा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित पर डायल 112 के आरक्षक के साथ मारपीट करने, गाली-गलौज करने और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। इस मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, घटना गांधी उद्यान के पास हुई, जहां ड्यूटी के दौरान आरक्षक अनिल कुमार टंडन के साथ मारपीट की गई थी। हमले में आरक्षक के बाएं सीने और पीठ में चोटें आई थीं, जबकि शासकीय वाहन का कांच टूटने से करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
आरक्षक के साथ मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, निखिल चंद्र परगनिहा गांधी उद्यान के पास डायल 112 के टाइगर-01 वाहन के नजदीक पहुंचा था। उस समय आरक्षक अनिल कुमार टंडन और वाहन चालक नितिश सोनी ड्यूटी पर तैनात थे। आरक्षक ने वाहन का दरवाजा खोलकर उससे परेशानी पूछी तो वह पुलिसकर्मियों को गाली देने लगा।
आरोप है कि उसने आरक्षक के साथ मारपीट की और वाहन में रखा डंडा निकालकर चालक की तरफ का कांच तोड़ दिया।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद आरक्षक ने आरोपित को डायल 112 वाहन में बैठाया और कार्रवाई के लिए सिविल लाइंस थाने पहुंचा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, गाली-गलौज और लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया।
मुख्यमंत्री निवास में प्रवेश की कोशिश से चर्चा में आया मामला
निखिल चंद्र परगनिहा मुख्यमंत्री निवास में घुसने का प्रयास करने के मामले को लेकर भी चर्चा में है। पुलिस के अनुसार, आरोपित को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री निवास में प्रवेश की कोशिश और डायल 112 के आरक्षक से मारपीट की घटनाओं के बीच संबंध तथा पूरे घटनाक्रम के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।