
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर : 61 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की ईडी की कार्रवाई ने राजनीतिक टकराव बढ़ा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए इस कार्रवाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्य प्रवास से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि उन्हें खुश करने के लिए ईडी ने अचानक यह कदम उठाया है।
उन्होंने कार्रवाई के समय और उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस को जांच एजेंसियों पर सवाल उठाने की अपेक्षा जांच में सहयोग करने की सलाह दी है। भाजपा सांसद एवं मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने कहा कि जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करना उचित नहीं है।
भूपेश बघेल ने कहा कि जब संबंधित संपत्ति लंबे समय से जब्त रखी गई थी, तो अब अचानक कार्रवाई करने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने दावा किया कि इसके पीछे तकनीकी और राजनीतिक दोनों कारण हैं। बघेल के अनुसार, ट्रिब्यूनल में कल पेशी होनी है और ईडी के वकील वहां खड़े नहीं हो रहे हैं। ऐसे में इस कार्रवाई के जरिए मामले से जुड़े सवालों से बचने की कोशिश की गई है। उन्होंने पूरी कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा बताया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में रिटायर्ड कर्मचारी से साइबर ठगी, PPO अपडेट के बहाने खाते से उड़े 7.49 लाख