
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के चावल कारोबारी दीपक मित्तल (56) की चंडीगढ़ के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे मार्कफेड की बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ गए थे। बुधवार तड़के करीब छह बजे होटल ताज के कमरे में उनका शव मिलने से हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस को कमरे से शराब की खाली बोतल और कुछ दवाइयां मिली हैं।
कारोबारी के साथ घटना से एक रात पहले होटल में देखी गई महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दीपक मित्तल रायपुर के आमासिवनी स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक थे। व्यावसायिक बैठक में शामिल होने के लिए उन्होंने चंडीगढ़ के होटल ताज में कमरा बुक कराया था। बताया जा रहा है कि वे दो दिन पहले होटल पहुंचे थे। बुधवार सुबह होटल के कमरे में उनकी हालत संदिग्ध मिलने के बाद प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के होटल का एक वेटर कारोबारी के कमरे के सामने से गुजर रहा था। कमरे का दरवाजा खुला होने के कारण वह अंदर गया। वहां दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। वेटर ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने होटल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।
होटल प्रबंधन के कर्मचारी कारोबारी को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
कारोबारी की संदिग्ध मौत की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम होटल पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान कमरे से शराब की खाली बोतल और कुछ दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन वस्तुओं को जांच के दायरे में रखकर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में नशे के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले एक महिला दीपक मित्तल के साथ होटल पहुंची थी। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कारोबारी की मौत से पहले होटल के कमरे में क्या हुआ था और उनकी तबीयत किन परिस्थितियों में बिगड़ी।
फिलहाल पुलिस होटल में आने-जाने वालों की जानकारी, घटनाक्रम और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। कारोबारी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।